Sidhi News : प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में उत्साहपूर्वक मनाया गया कारगिल विजय दिवस
Sidhi news : वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, विद्यार्थियों ने राष्ट्रसेवा का लिया संकल्प

Sidhi News : प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय संजय गांधी स्मृति महाविद्यालय सीधी में रविवार को कारगिल विजय दिवस देशभक्ति एवं राष्ट्रभक्ति के उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रभाकर सिंह के मुख्य आतिथ्य एवं प्राध्यापकगण की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं कारगिल के वीर शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वाेच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
अपने उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. प्रभाकर सिंह ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य, पराक्रम एवं राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को अपने जीवन का आधार बनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने कारगिल युद्ध की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, ऑपरेशन विजय की सफलता तथा भारतीय सैनिकों के अद्वितीय शौर्य और बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कारगिल के वीरों का पराक्रम आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा और राष्ट्रसेवा की भावना को निरंतर सुदृढ़ करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिससे विद्यार्थियों को युद्ध के इतिहास, भारतीय सेना के साहस और विजय गाथा की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई। साथ ही देशभक्ति गीतों एवं प्रेरक विचारों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना का संचार किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत “एक पेड़ शहीद के नाम” अभियान के तहत महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया। एनसीसी कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए पौधारोपण एवं अन्य गतिविधियों में सक्रिय योगदान दिया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने भारत की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि कारगिल विजय दिवस प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक विजय तथा वीर सैनिकों के अद्वितीय बलिदान की स्मृति में पूरे देश में मनाया जाता है। यह दिवस राष्ट्र के वीर सपूतों के शौर्य, साहस और सर्वाेच्च बलिदान को नमन करने का अवसर है।
Sidhi news : प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 31 जुलाई तक कराएं खरीफ फसलों का बीमा







