Sidhi News : कलेक्टर ने बहरी और बमुरी स्टेडियम का किया निरीक्षण, खेल गतिविधियां बढ़ाने के दिए निर्देश

Sidhi News : विकासखंड सिहावल के भ्रमण के दौरान कलेक्टर विकास मिश्रा ने बहरी एवं बमुरी स्थित स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेडियम की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए परिसर को व्यवस्थित एवं खेल गतिविधियों के अनुकूल बनाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को दोनों स्टेडियमों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करते हुए नियमित रूप से खेलकूद प्रतियोगिताएं एवं अन्य खेल गतिविधियों का आयोजन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्टेडियमों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने स्टेडियम परिसर की साफ-सफाई, रख-रखाव एवं उपलब्ध खेल सुविधाओं को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि स्थानीय युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सके।
भ्रमण के दौरान उपखंड अधिकारी सिहावल राकेश शुक्ला, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत धनंजय मिश्रा, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा सीएल साकेत, तहसीलदार हिमांशु शुक्ला सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।







