
Sidhi News : जनपद पंचायत मझौली की ग्राम पंचायत नेबूहा में 02 अगस्त 2026 को वृहद पौधारोपण एवं जनकल्याण कार्यक्रम के अवसर पर अंत्योदय स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का शुभारंभ प्रातः 8 बजे से होगा।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि शिविर में आमजन के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त पशुपालन विभाग द्वारा पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक उपचार एवं परामर्श सेवाएं भी प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि शिविर का संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, आयुष विभाग तथा पशुपालन विभाग के संयुक्त सहयोग से किया जाएगा। शिविर के सफल संचालन हेतु संबंधित सीडीपीओ एवं बीएमओ को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि ग्राम पंचायत स्तर पर मुनादी एवं अन्य प्रचार-प्रसार माध्यमों के जरिए शिविर की व्यापक जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी कार्यक्रम से अवगत कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि स्वास्थ्य परीक्षण एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण की सुविधा का लाभ लेने के लिए शिविर में आधार कार्ड एवं समग्र आईडी अनिवार्य रूप से साथ लेकर आएं। शिविर के दौरान उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी।
Sidhi News : शासकीय महाविद्यालय मड़वास में स्नातक प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जुलाई








