सीधी

Sidhi news : बहरी में कलेक्टर का शिक्षा गुणवत्ता पर फोकस, विद्यालयों का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश

Sidhi News : आधुनिक लैब, जर्जर भवन की मरम्मत और जेईई-नीट कोचिंग के विस्तार की बनाई कार्ययोजना

 

 

 

Sidhi news : कलेक्टर विकास मिश्रा ने बहरी क्षेत्र के विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाओं एवं विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छ एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने, अधोसंरचनात्मक कमियों को शीघ्र दूर करने तथा विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करने के उद्देश्य से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत तहसील कार्यालय बहरी में जेईई-नीट कोचिंग योजना को लेकर प्राचार्यों एवं शिक्षकों की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई।

 

सपही विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना, आधुनिक लैब शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश

 

कलेक्टर ने सबसे पहले शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सपही का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर साफ-सुथरा एवं सुव्यवस्थित पाया गया तथा सभी शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित मिले। उन्होंने कक्षाओं का अवलोकन कर विद्यार्थियों की पढ़ाई तथा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली।

 

विद्यालय में निर्माणाधीन विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक सुविधाओं से युक्त लैब का निर्माण शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। परिसर में लंबे समय से अनुपयोगी पड़ी टॉवरनुमा पानी की टंकी को ध्वस्त कराने के भी निर्देश दिए, जिससे परिसर सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।

 

कलेक्टर ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर, विद्यालय में अनुशासन तथा प्राचार्य द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। साथ ही पूर्व प्राचार्य द्वारा जनसहयोग से निर्मित सभागार की प्रशंसा करते हुए इसे सामुदायिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

 

पैगमा आबाद विद्यालय में छात्रा की प्रतिभा को किया सम्मानित

 

इसके बाद कलेक्टर शासकीय माध्यमिक विद्यालय पैगमा आबाद पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और कक्षाओं का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था का आकलन किया। कक्षावलोकन के दौरान उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर तीन अंकों की संख्याओं का योग लिखकर एक छात्रा से हल करने को कहा। छात्रा ने बिना किसी कठिनाई के प्रश्न का सही उत्तर दिया। उसकी प्रतिभा से प्रभावित होकर कलेक्टर ने उसे पेन भेंट कर सम्मानित किया तथा अन्य विद्यार्थियों को भी मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।

 

निरीक्षण के दौरान विद्यालय का शैक्षणिक स्तर संतोषजनक पाया गया। परिसर में स्थित एक जर्जर भवन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने जनपद पंचायत सिहावल के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को उसकी शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की।

 

प्रत्येक हायर सेकेंडरी विद्यालय में शुरू होगी जेईई-नीट कोचिंग

 

विद्यालय निरीक्षण के पश्चात तहसील कार्यालय बहरी में जेईई-नीट कोचिंग योजना को लेकर प्राचार्यों एवं शिक्षकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण प्रतियोगी परीक्षा मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।

 

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रथम चरण में जिले के प्रत्येक शासकीय हायर सेकेंडरी विद्यालय में जेईई एवं नीट की कोचिंग प्रारंभ की जाए। इसके लिए संबंधित नोडल अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर तत्काल कक्षाएं शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

 

उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में टेस्ट आधारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को ब्लॉक की चिन्हित शालाओं में एलन के सहयोग से विशेष कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर मिल सके।

 

कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल विद्यालयों में नियमित अध्ययन-अध्यापन सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए सक्षम बनाना भी है। इसके लिए शिक्षा विभाग के अधिकारी, प्राचार्य एवं शिक्षक पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।

 

इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक विनय मिश्र, बीआरसीसी सिहावल एम.एल. साकेत, बीईओ सिहावल सी.एल. सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Rewa News : रीवा में दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रक से टकराई बाइक, दो युवकों की मौके पर मौत

Leave a Reply

Related Articles

CLOSE X