सीधी

Sidhi news : मौसम को देखते हुए किसानों के लिए कृषि विभाग की एडवाइजरी जारी

Sidhi News : धान रोपाई, खरपतवार नियंत्रण एवं फसल सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह

Sidhi News : कृषि विभाग ने जिले में आगामी कुछ दिनों तक हल्की वर्षा, गरज-चमक एवं आंशिक बादल छाए रहने की संभावना को देखते हुए किसानों के लिए विशेष कृषि परामर्श जारी किया है। विभाग ने किसानों से मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिक सलाह के अनुरूप कृषि कार्य करने की अपील की है, ताकि खरीफ फसलों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके और बेहतर उत्पादन प्राप्त हो सके।

 

कृषि विभाग ने धान उत्पादक किसानों को प्राथमिकता के आधार पर धान की रोपाई पूर्ण करने तथा खेतों की मेड़बंदी सुनिश्चित करने की सलाह दी है, जिससे वर्षा जल का संरक्षण हो सके और खेतों में पर्याप्त नमी बनी रहे। साथ ही धान की नर्सरी में ब्लास्ट एवं भूरे धब्बे (ब्राउन स्पॉट) रोग के लक्षणों की नियमित निगरानी करने तथा रोग के प्रारंभिक लक्षण दिखाई देने पर कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार आवश्यक प्रबंधन अपनाने को कहा गया है।

 

सोयाबीन एवं मक्का की फसलों में खरपतवार नियंत्रण समय पर करने की सलाह दी गई है, क्योंकि प्रारंभिक अवस्था में खरपतवार फसल की वृद्धि एवं उत्पादन को प्रभावित करते हैं। इसके साथ ही खेतों में जल निकासी एवं जल प्रबंधन की समुचित व्यवस्था बनाए रखने तथा नमी संरक्षण के उपाय अपनाने पर भी विशेष जोर दिया गया है।

 

सब्जी एवं फल उत्पादक किसानों को खेतों में जलभराव नहीं होने देने की सलाह दी गई है। विभाग ने कहा है कि अधिक समय तक पानी भरे रहने से पौधों की जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है तथा रोगों का प्रकोप बढ़ सकता है। इसलिए आवश्यकतानुसार जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखें।

 

पशुपालकों को भी मौसम के मद्देनजर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पशुओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ शेड में रखने, समय पर टीकाकरण कराने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने तथा चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है, ताकि मौसम में बदलाव के कारण पशुओं के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

 

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे मौसम के पूर्वानुमान एवं विभाग द्वारा जारी कृषि सलाह का नियमित पालन करें तथा आवश्यकता पड़ने पर निकटतम कृषि विस्तार अधिकारी या कृषि विभाग से संपर्क कर तकनीकी मार्गदर्शन प्राप्त करें।

Rewa News : हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन अंतर्गत जन-जागरूकता शिविर आयोजित

Leave a Reply

Related Articles

CLOSE X