Madhyapradesh News: उद्यानिकी फसलों की उन्नत तकनीकों का प्रशिक्षण लेने 105 कृषकों का दल अध्ययन भ्रमण पर रवाना

Madhyapradesh news : झाबुआ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशानुसार राज्य पोषित योजनांतर्गत जिले के 105 कृषकों का प्रशिक्षण सह-अध्ययन भ्रमण दल उद्यानिकी फसलों की आधुनिक एवं उन्नत तकनीकों का अध्ययन करने हेतु धार जिले के बदनावर विकासखंड स्थित ग्राम रूपाखेड़ा एवं तिलगारा के लिए रवाना किया गया।
भ्रमण के दौरान कृषक उन्नतशील कृषकों श्री मोहन पाटीदार, श्री जमनालाल पाटीदार एवं श्री लखन पाटीदार के प्रक्षेत्रों का अवलोकन करेंगे। यहां पॉलीहाउस में गुलाब, जरबेरा एवं जिप्सोफिला की उन्नत खेती तथा शेडनेट हाउस में ब्लूबेरी की आधुनिक खेती की तकनीकों का प्रत्यक्ष अध्ययन कराया जाएगा। साथ ही कृषक इन उन्नतशील किसानों से वैज्ञानिक खेती, उत्पादन प्रबंधन एवं विपणन संबंधी व्यावहारिक जानकारी भी प्राप्त करेंगे।
इसके अतिरिक्त श्री लखन पाटीदार के प्रक्षेत्र पर ऑटोमाइजेशन आधारित ड्रिप सिंचाई प्रणाली का प्रदर्शन भी कराया जाएगा, जिससे कृषकों को जल संरक्षण के साथ आधुनिक सिंचाई तकनीकों की जानकारी मिल सके।
अध्ययन भ्रमण के अंतर्गत पेटलावद विकासखंड के रायपुरिया स्थित शिव नर्सरी का भी भ्रमण कराया जाएगा। यहां उन्नतशील कृषक श्री नानालाल के मार्गदर्शन में टमाटर, मिर्च, बैंगन, पपीता एवं करेला की गुणवत्तापूर्ण सीडलिंग तैयार करने की वैज्ञानिक विधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा तथा नर्सरी प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों से कृषकों को अवगत कराया जाएगा।
उप संचालक उद्यान, झाबुआ श्री मोहनसिंह मुझाल्दा ने बताया कि इस प्रशिक्षण सह-अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य जिले के कृषकों को आधुनिक उद्यानिकी तकनीकों, संरक्षित खेती, सूक्ष्म सिंचाई एवं गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन की वैज्ञानिक पद्धतियों से परिचित कराना है, ताकि वे इन तकनीकों को अपनाकर उत्पादन एवं आय में वृद्धि कर सकें।
Sidhi news : फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई, प्राकृतिक आपदा में मिलेगी आर्थिक सुरक्षा






