
Mauganj News : कलेक्टर संजय कुमार जैन के निर्देश पर जिले में आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन, द्वारा विशेष जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर में फेरी लगाकर दूध विक्रय करने वाले विक्रेताओं के यहां निरीक्षण एवं सैंपलिंग की कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न विक्रेताओं के डिब्बों में रखे गाय के दूध, भैंस के दूध एवं मिश्रित दूध का परीक्षण किया गया। गुणवत्ता में संदेह होने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा तीन दूध विक्रेता विमल कुमार यादव, श नागेंद्र लाल यादव तथा राजकुमार यादव से दो-दो नमूने लेकर कुल छह दूध के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत जप्त किए गए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि प्रयोगशाला की जांच में यदि नमूने अमानक अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर चालानी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान सभी दूध विक्रेताओं को एमपी ऑनलाइन के माध्यम से आवश्यक खाद्य पंजीयन कराने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में बिना खाद्य पंजीयन के दूध विक्रय करते पाए जाने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त चालानी कार्रवाई की जाएगी। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित कुमार तिवारी द्वारा की गई। खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने बताया कि जिले में आमजन को गुणवत्तायुक्त दूध एवं दूध से निर्मित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान निरंतर जारी रहेगा।
Mauganj News : सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें – कलेक्टर जैन








