
Rewa News : जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। बताया गया कि रीवा से बैकुंठपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार बाइक सगरा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान पंकज साकेत निवासी बैकुंठपुर और आकाश साकेत निवासी जुइला, रायपुर कर्चुलियान के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक दोनों युवक किसी जरूरी काम से बाइक के जरिए बैकुंठपुर जा रहे थे। इसी दौरान सगरा के समीप उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े भारी वाहन से जा टकराई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और रात के अंधेरे को माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर है और पूरे इलाके में मातम का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
लोगों का कहना है कि हाईवे और मुख्य सड़कों पर लापरवाही से खड़े ट्रक आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और ऐसे वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
Rewa News : रीवा शहर के तीन एसटीपी का हुआ लोकार्पण : जयंती कुंज एसटीपी का होगा जीर्णोद्धार







